Kalwar Road Encroachment Action: कालवाड़ रोड चौड़ीकरण को लेकर जेडीए का एक्शन शुरू, छह टीमें कर रही हैं अतिक्रमण चिह्नित

राजस्थान की राजधानी जयपुर में कालवाड़ रोड के चौड़ीकरण को लेकर जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) का अभियान शुरू हो चुका है। सड़क चौड़ीकरण में बाधा बन रहे अतिक्रमणों और अवैध निर्माणों को चिह्नित करने के लिए जेडीए की ओर से सीमांकन (डिमार्केशन) का कार्य शुरू कर दिया गया है। इस अभियान के लिए जेडीए ने छह अलग-अलग टीमों का गठन किया है, जो सड़क के दोनों ओर अतिक्रमणों को चिह्नित कर रही हैं। सीमांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।

कालवाड़ रोड पर छह टीमें कर रही हैं कार्रवाई

जेडीए की ओर से अभियान की जिम्मेदारी अतिरिक्त आयुक्त (पूर्व) डॉ. बवाल को सौंपी गई है। वहीं, मुख्य नियंत्रक प्रवर्तन शिल्पा चौधरी को सहायक प्रभारी बनाया गया है। अभियान में जेडीए के जोन-5, जोन-13, जोन-पीआरएन, जोन-7, जोन-19 और जोन-जांच की टीमें शामिल हैं।

सी-जोन बाईपास से गोविंदपुरा बस स्टैंड तक होगा सीमांकन

जेडीए की टीमें सी-जोन बाईपास से कालवाड़ रोड पर सड़क के दोनों ओर सीमांकन कर रही हैं। इस दौरान बजरंग द्वार और करधनी मार्केट रोड होते हुए गोविंदपुरा बस स्टैंड तक सड़क सीमा का सीमांकन किया जाएगा। इस प्रक्रिया में सड़क सीमा के अंदर आने वाले अतिक्रमणों और अवैध निर्माणों को चिह्नित किया जाएगा।

अभियान में ये अधिकारी हैं शामिल

अतिक्रमण हटाने के लिए गठित छह टीमों में उपायुक्त, तहसीलदार, सहायक नगर नियोजक, कनिष्ठ अभियंता, प्रवर्तन अधिकारी और पटवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हैं।

कालवाड़ रोड चौड़ीकरण से यातायात को मिलेगी राहत

कालवाड़ रोड के चौड़ीकरण की दिशा में जेडीए का यह अभियान महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सड़क सीमा में आने वाले अतिक्रमण हटने के बाद चौड़ीकरण का रास्ता साफ हो सकता है। इससे भविष्य में इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था बेहतर होने और वाहन चालकों को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।

Leave a Comment