B.Ed. Primary Teachers Bridge Course: बीएड वाले प्राथमिक शिक्षकों के लिए 6 महीने का ब्रिज कोर्स शुरू

केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की ओर से बीएड योग्यता वाले प्राथमिक शिक्षकों के लिए 6 महीने का सर्टिफिकेट ब्रिज कोर्स शुरू किया गया है। यह कोर्स राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (एनआईओएस) के माध्यम से कराया जाएगा। इसका उद्देश्य प्राथमिक स्तर पर पढ़ाने वाले बीएड योग्य शिक्षकों की शिक्षण क्षमता को मजबूत करना और उन्हें प्राथमिक कक्षाओं के अनुरूप आवश्यक शिक्षण पद्धतियों का प्रशिक्षण देना है।

यह ब्रिज कोर्स उन शिक्षकों के लिए है, जिनके पास बीएड की डिग्री है और जिन्हें प्राथमिक स्तर पर पढ़ाने के लिए नियुक्त किया गया है। कोर्स के दौरान प्राथमिक स्तर के बच्चों की सीखने की जरूरतों, बाल-केंद्रित शिक्षा, समावेशी शिक्षा और प्रभावी शिक्षण तरीकों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

6 महीने में क्या पढ़ाया जाएगा

कोर्स में अकादमिक पढ़ाई के साथ ऑनलाइन कॉन्टैक्ट क्लास और स्कूल आधारित अनुभव शामिल होगा। शिक्षकों को कम से कम 10 दिन की ऑनलाइन कॉन्टैक्ट क्लास और 20 दिन का स्कूल आधारित अनुभव दिया जाएगा। इसके अलावा प्रैक्टिस टीचिंग, रिफ्लेक्टिव जर्नल और पोर्टफोलियो जैसे प्रायोगिक कार्य भी शामिल रहेंगे।

ऑनलाइन होगी पढ़ाई

यह कोर्स ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग माध्यम से कराया जाएगा। पढ़ाई के लिए वीडियो ट्यूटोरियल, ई-लर्निंग सामग्री और डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया जाएगा। शिक्षकों को ऑडियो, वीडियो और इंटरैक्टिव सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी। कोर्स की परीक्षा आठवीं अनुसूची में शामिल 22 भाषाओं में से किसी एक भाषा में दी जा सकेगी।

जानकारी के अनुसार देश में करीब 23.7 लाख प्राथमिक शिक्षक हैं। इच्छुक शिक्षक ब्रिज कोर्स से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए एनआईओएस के आधिकारिक पोर्टल पर जारी दिशा-निर्देश देख सकते हैं।

Leave a Comment